इंडोनेशिया में आई भयंकर सुनामी, 222 लोगों की मौत

इंडोनेशिया के पश्चिम में जावा और सुमात्रा के मध्य स्थित सुन्डा जलसंधि क्षेत्र में ज्वालामुखी विस्फोट के कारण आई सुनामी के कारण मरने वालों की संख्या बढ़कर 222 हो गई है। इस हादसे में 843 से अधिक लोग घायल हैं और 28 अन्य लापता हैं। सुनामी दौरान करीब 20 मीटर ऊंची लहरें उठीं, जिससे होटलों सहित सैकड़ों मकान नष्ट हो गए।
इंडोनेशिया की आपदा प्रबंधन एजेंसी के प्रवक्ता सुतुोपो पूरवो नूगरोहो और अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। उन्होंने मृतकों की संख्या में और बढ़ोत्तरी होने की बात कही है। इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान और भूभौतिकी एजेंसी के वैज्ञानिकों ने लहरों के उफान का कारण पूर्णिमा के चंद्रमा को भी बताया।

सुनामी से जावा में बांटेन प्रांत का पांडेगलांग जिला सबसे बुरी तरह से प्रभावित हुआ है। इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता के दक्षिण पश्चिम में स्थित लोकप्रिय बीच और उजुंग कुलोंग राष्ट्रीय उद्यान भी सुनामी के सबसे बुरी तरह प्रभावित क्षेत्र में शामिल है।