दिल्ली सरकार की विफलता को आमजनों तक पहुंचाएगी दिल्ली कांग्रेस

नई दिल्ली (hdnlive)। अपनी जमीनी पकड़ को मजबूत करने में जुटी दिल्ली कांग्रेस लगातार दिल्ली सरकार और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमलावर रुख अख्तियार किए हुए है। चाहे कोरोना के बढ़ते मामले हो या प्रवासी श्रमिकों का मुद्दा दिल्ली कांग्रेस लगातार दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल पर हमला बोल रही है। दिल्ली कांग्रेस के अंदरूनी सूत्रों ने बताया कि अपनी जमीनी पकड़ को वापस पाने में जुटी दिल्ली कांग्रेस ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया है कि वो दिल्ली सरकार की विफलताओं को आमजन तक पहुंचाएं। दिल्ली कांग्रेस के अध्यक्ष चौधरी अनिल कुमार लॉकडाउन के समय से ही लगातार दिल्ली सरकार और अरविंद केजरीवाल पर हमला बोल रहे हैं। अब इसी कड़ी में सभी जिलाध्यक्ष को भी निर्देश दिया गया है कि कोरोना से निपटने में दिल्ली सरकार की विफलताओं को आम जनों तक पहुंचाया जाए। इसके लिए पिछले दिनों प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व में सभी जिला अध्यक्षों की एक ऑनलाइन मीटिंग भी की गई थी। जिसमें सभी जिला अध्यक्षों को ये निर्देश दिए गए थे।

गौरतलब है कि चौधरी अनिल कुमार के प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद से ही दिल्ली में लॉकडाउन की शुरुआत हो गई थी। उसके बाद से ही दिल्ली कांग्रेस लगातार आम लोगों की सहायता कर रही है। चाहे हॉस्पिटल में बेड की समस्या हो या फिर होम आइसोलेशन की दिल्ली कांग्रेस लगातार इन सभी समस्याओं को लेकर दिल्ली सरकार पर हमला बोल रही है।