अखिलेश यादव : सपा-बसपा गठबंधन टूटने वाला नहीं

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का कहना है कि भाजपा के लोग चाहे जितनी कोशिश कर लें, सपा बसपा गठबंधन टूटने वाला नहीं है।  अखिलेश यादव ने यह बात शुक्रवार को इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में एक टीवी चैनल के कार्यक्रम में कही। उन्होने कहा कि वह मायावती द्वारा उन्हें राजनीतिक तौर पर अपरिपक्व कहने और बबुआ जैसी बातों का बुरा नहीं मानते। भाजपा को हराना सबसे बड़ा लक्ष्य है इसके लिए कुछ समझौते भी कर लेंगे।

अखिलेश ने कहा कि चुनाव जीतने के लिए समझौते किए ही जाते हैं। हमने तो अभी केवल एक से किया, भाजपा तो 45 का गठबंधन किए हुए है। भाजपा को हराने के लिए क्षेत्रीय दल ही विकल्प हैं। कांग्रेस से हमारी दोस्ती पहले से ही है। सपा पीएम या किसी पद का दावा नहीं करती। भाजपा ने हमें सात पर पहुंचाया हम उन्हें सात पर ला देंगे और बसपा के कार्यकर्ता तय कर लें कि भाजपा ने उन्हें शून्य पर ला दिया तो अब उसे शून्य पर लाने के लिए प्रयास करें।
बीजेपी ने भ्रम फैलाया की यादवों ने सब छीन लिया। ये साज़िश है। हमारी जाति के प्रति नफ़रत ना फैलाई जाए। हमने किसी जाति को इग्नोर नहीं किया। हम तो कहते हैं हर किसी को गिन लिया जाय। जिसकी जितनी संख्या उसको उतना हिस्सा।

गेस्ट हाउस कांड पर अखिलेश ने कहा ऐसा कांड किसी के साथ ना हो। वहीं राजा भईया पर सीधे बोलने के बजाय कहा कि निर्दलीय हमेशा सरकार के साथ ही होता है। मुलायम सिंह और शिवपाल यादव पर उन्होंने कहा कि नेता जी का आज भी पहले जैसा ही सम्मान है और चाचा ने आशीर्वाद दिया, यही थोड़ा पहले दिया होता तो और बात होती।