बिहार में बदलाव के लिए यशवंत सिन्हा ने की मिशन बिहार की शुरूआत

पटना। बिहार विधान सभा चुनाव जैसे जैसे करीब आ रहा है वैसे ही नेताओं के पैंतरे बदलने लगे है। दल बदल भी शुरू है वहीं भाजपा से अलग होने के बाद यशवंत सिन्हा बिहार चुनाव में एक्टिव हो गए हैं। इसी को लेकर पटना में उन्होंने तीसरे मोर्चे की कवायद शुरू कर दी है।

पटना में शनिवार को प्रेस कांफ्रेेंस कर सिन्हा ने इस बार बदले बिहार का आह्वान किया है। यशवंत सिन्हा उन लोगों को इकट्ठा कर रहे हैं जो कभी नीतीश कुमार के खास हुआ करते थे। इस दौरान यशवंत सिन्हा के साथ नीतीश कैबिनेट के कभी सहयोगी रहे नरेन्द्र सिंह, रेणू कुशवाहा, पूर्व केंद्रीय मंत्री नागमणि, देवेन्द्र प्रसाद यादव, जहानाबाद के पूर्व सांसद अरुण कुमार मौजूद रहे।

संवाददाताओं को सम्बोधित करते हुए यशवंत सिन्हा ने कहा कि हमारा अभियान बेहतर बिहार बनाने को लेकर है। इस दौरान उन्होंने “बेहतर बिहार, बदलो बिहार” का नारा भी दिया। कभी भाजपा सरकार में केंद्रीय मंत्री तो अविभाजित बिहार में विपक्ष के नेता रह चुके यशवंत सिन्हा इस बार कितना तीसरे मोर्चे को साथ लेकर चलने में सफल होंगे, क्या नीतीश सरकार के लिए सर दर्द बनेंगे या फिर महागठबंधन को कमजोर करेंगे ये तो आने वाला वक्त ही बताएगा। फिलहाल तो यही कहा जा सकता है कि इनके साथ मंच शेयर करने वाले सभी नेता कितना संगठित होकर नीतीश को हराने में कामयाब होंगे ये उन्हें भी बखूबी पता है।