आप-भाजपा ने एक-दूसरे को चुनावी घोषणा पत्रों की होली जलाई

लोकसभा चुनाव की सरगर्मियां बढ़ने के साथ ही राजधानी में राजनीतिक दलों ने एक-दूसरे पर तीखे हमले शुरू कर दिए हैं। बुधवार को आम आदमी पार्टी ने बीते लोकसभा चुनाव में भाजपा की ओर से जारी किए गए घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताते हुए उसकी प्रति जलाई। इस दौरान केजरीवाल ने भाजपा पर जमकर निशाने साधे। वहीं, केंद्रीय मंत्री और भाजपा नेता विजय गोयल ने पिछले विधानसभा चुनाव में ‘आप’ के घोषणा पत्र में किए वादों को जनता से छलावा बताते हुए उसकी प्रति जलाई। ‘हिन्दुस्तान’ की रिपोर्ट….

भाजपा ने जनता को केवल धोखा दिया

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर दिल्लीवालों को धोखा देने का आरोप लगाया है। बुधवार को पार्टी कार्यालय में केजरीवाल सहित पार्टी के अन्य नेताओं ने भाजपा के वर्ष 2014 के घोषणा पत्र को जलाते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा।

‘आप’ की ओर से जलाया गया घोषणा पत्र वही घोषणा पत्र था जिसमें भाजपा ने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने का वादा किया था। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिए जाने का आंदोलन आम आदमी पार्टी दिल्लीवालों के साथ मिलकर चलाएगी। भाजपा ने दिल्लीवालों को धोखा दिया है। लेकिन, जनता अपना हक खुद लेकर रहेगी। पार्टी कार्यालय पर घोषणा पत्र जलाने के दौरान मुख्यमंत्री सहित उपमुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया, प्रदेश संयोजक गोपाल राय समेत कई विधायक मौजूद रहे। इस दौरान कहा गया कि भाजपा के घोषणा पत्र जलाने का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा। पार्टी के मुताबिक 15 मार्च को विधानसभा स्तर पर और 17 मार्च को वार्ड स्तर पर इस घोषणा पत्र को जलाया जाएगा।

पूर्ण राज्य की लड़ाई लड़ेंगे : जिस तरह आजादी की लड़ाई में शहीद भगत सिंह, राजगुरु ने अपनी आजादी छीनी थी उसी तरह हम भी पूर्ण राज्य की लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने भाजपा पर हमला करते हुए कहा कि भाजपा जिन अटल विहारी वाजपेयी की अस्थियां लेकर घूम रही है वह भी दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलवाना चाहते थे।

उन्होंने संसद में इसपर अध्यादेश भी लागू किया था। मगर, भाजपा शासित केंद्र सरकार को इसकी चिंता नहीं है। उन्होंने भाजपा के घोषणा पत्र को झूठ का पुलिंदा बताया।

केजरीवाल ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा

केजरीवाल ने वहां मौजूद पार्टी कार्यकर्ताओं से कहा कि भाजपा और उनके परिवार के लोगों ने दिल्लीवालों को पूर्ण राज्य के मुद्दे पर धोखा दिया है। यह आगामी लोकसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी के लिए सिर्फ एक मुद्दा नहीं बल्कि आंदोलन है। जिस तरह तेलंगाना, उत्तराखंड के लोगों ने अपने अलग राज्य की लड़ाई लड़ी उसी तरह हम दिल्लीवालों के साथ मिलकर यह लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि पूर्ण राज्य का दर्जा अगर दिल्लीवालों को नहीं मिला तो वह अपना हक छीनकर ले लेंगे।

‘आप’ ने दिल्लीवालों से सिर्फ झूठ बोला

नई दिल्ली (व. सं.)। केन्द्रीय राज्य मंत्री एवं पूर्व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष विजय गोयल ने बुधवार को सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के 70 प्वाइंट प्लान ऑफ एक्शन (मैनिफेस्टो) की मीनार बनाकर जंतर-मंतर पर होलिका दहन किया। इस दौरान गोयल ने कहा कि केजरीवाल ने दिल्ली की जनता से सिर्फ झूठ ही बोला है।

विजय गोयल ने कहा कि चार साल के बाद अरविंद केजरीवाल अपनी नाकामयाबियों को छिपाने के लिए दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा मिले, इसकी आड़ में नए-नए नाटक कर रहे हैं। गोयल ने चुनौती दी कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के 70 प्वाइंट प्लान पर सिवाए नारेबाजी और धरने के कुछ काम नहीं हुआ। न सीसीटीवी, न मुफ्त वाई-फाई, न नए अस्पताल, न नई डीटीसी बसें, न नए काहलेज, न प्रदूषण से मुक्ति, न अनधिकृत कॉलोनियों को नियमितिकरण और न ही – झुग्गी-झोपड़ी में विकास के कोई काम।

भाजपा पूर्ण राज्य की हिमायती : इस दौरान केंद्रीय मंत्री ने कहा कि भाजपा भी दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाना चाहती है। उन्होंने कहा कि हम दिल्ली के पूर्ण राज्य के दर्जे के हिमायती हैं, पर जो मुख्यमंत्री गणतंत्र दिवस की परेड रोके, जो केन्द्र सरकार और एमसीडी से हर समय झगड़े करता फिरे और दिल्ली के अंदर कोई विकास न करे, ऐसे मुख्यमंत्री के रहते दिल्ली को पूर्ण राज्य मिलना खतरे से खाली नहीं है क्योंकि वह उन अधिकारों का दुरुपयोग करेगा।

प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय मंत्री गोयल ने केंद्र की कई जनहितैषी योजनाओं से दिल्ली के लोगों को वंचित रखने का आरोप लगाते हुए भी दिल्ली सरकार को घेरा। गोयल ने कहा कि जनता इस लोकसभा चुनाव में केजरीवाल को इसका जवाब देगी।