इस बार लोग दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने के लिए वोट देंगे: केजरीवाल

अरविंद केजरीवाल ने मंगलवार को पार्टी कार्यालय में प्रेस कांफ्रेस कर कहा कि इस बार दिल्ली की जनता प्रधानमंत्री देखकर नहीं, बल्कि दिल्ली को पूर्ण राज्य बनाने के लिए वोट करेगी। यही उनकी पार्टी का मुख्य मुद्दा भी होगा। उन्होंने दावा किया कि पार्टी के एक इंटरनल सर्वे में 56 फीसदी से माना कि भाजपा पुलवामा हमले के बाद हुई कार्रवाई का राजनीतिकरण कर रही है। भारत-पाकिस्तान के मौजूदा हालात पर भाजपा राजनीति कर रही है। मगर, लोग अब समझ रहे हैं। उसके आधार पर उन्हें वोट नहीं मिलने वाला है।

केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली की जनता कई वर्षों से वोट कर रही है, मगर आज तक उसे उसके वोट का पूरा अधिकार नहीं मिला है। संविधान में लिखा गया है कि एक व्यक्ति का एक वोट होगा सभी वोटों की कीमत बराबर होगी। मगर दिल्ली वालों के वोट की कीमत दूसरे राज्यों की तुलना में आधी है। आज तक उसे पूर्ण राज्य का अधिकार नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में दिल्लीवालों ने मन बना लिया है, जिस प्रकार तेलंगाना, उत्तराखंड, झारखंड के लोगों ने संघर्ष करके अलग राज्य बनाया उसी तरह दिल्ली की जनता भी पूर्ण राज्य बनाने का संघर्ष करेगी।

उन्होंने कहा कि दिल्ली मुंबई के बाद सबसे ज्यादा पैसा कमाता है। डेढ़ लाख करोड़ का आय़कर दिल्लीवाले केंद्र सरकार को देते है। उसके बदले मिलता क्या है 325 करोड़। जबकि छोटा सा राज्य गोवा को सरकार प्रतिवर्ष 3200 करोड़ रूपये, गुजरात को 26 हजार करोड़ देती है। दिल्ली के साथ यह नाइंसाफी और सौतेला व्यवहार कैसा। जब उनसे पूछा गया कि पुलवामा हमले को लेकर भाजपा मजबूत स्थिति में है। ऐसे में पूर्ण राज्य का मुद्दा कितना महत्व रखता है।

केजरीवाल ने कहा कि पुलवामा हमले के बाद केंद्र सरकार ने जो कार्रवाई की उसे लेकर राजनीति हो रही है। भाजपा उसका राजनीतिकरण कर रही है। हमने एक इंटरनल सर्वे कराया। इसमें पुलवामा हमले को लेकर पांच लाख लोगों से सवाल पूछा गया। उसमें 56 फीसदी ने लोगों ने माना कि पुलवामा हमले के बाद जो भी केंद्र ने किया है उसका राजनीतिकरण किया जा रहा है।उन्होंने कहा कि यह भाजपा के निगेटिव जा रहा है। उन्होंने दावा किया है कि हम सातों सीट जीत रहे है। कच्ची कालोनियों में जो विकास कार्य हो रहा है उससे हमारा ग्राफ बढ़ा है। हमारे अधिकार क्षेत्र में जो भी था वह हमने करके दिखाया है।

भाजपा के पूर्ण राज्य के वादे वाला घोषणा पत्र जलाएंगे केजरीवाल

दिल्ली में पूर्ण राज्य के मुद्दे पर चुनाव लड़ने जा रही आम आदमी पार्टी अब इस लड़ाई को आर तेज करेगी। अरविंद केजरीवाल बुधवार को खुद भाजपा के 2014 के उस घोषणा पत्र को जलाएंगे, जिसमें उन्होंने दिल्ली को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने का वादा किया था। पार्टी प्रदेश संयोजक गोपाल राय ने बताया कि पार्टी अब दिल्ली को पूर्ण अधिकार दिलाने की लड़ाई लड़ेगी। इसी लड़ाई पर दिल्लीवालों के साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा ने जिस तरह अपने वादों से मुकरी है हम उसे जनता के बीच ले जाएंगे। बुधवार को मुख्यमंत्री भाजपा का घोषणापत्र आम आदमी पार्टी कार्यालय में इसे जलाएंगे। उसके द 15 मार्च को सभी 70 विधानसभाओं में यह घोषणा पत्र जलाया जाएगा। उसके बाद 17 मार्च को तीसरी बार वार्ड स्तर पर यह घोषणा पत्र जलाया जाएगा।