प्रियंका के रोड शो के दौरान राहुल गांधी ने दिखाई राफेल की डमी

प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट से प्रदेश मुख्यालय तक रोड शो कर रहे हैं। एयरपोर्ट से प्रदेश कांग्रेस कार्यालय तक पूरे रास्ते में करीब तीन दर्जन जगहों पर उनका स्वागत होगा।

रोड शो के दौरान प्रियंका के साथ कांग्रेस के कई दिग्गज नेता बस पर दिख रहे हैं। इनमें राज बब्बर, ज्योतिरादित्य सिंधिया, आरपीएन सिंह, पीएल पुनिया और राजीव शुक्ला भी शामिल हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राज बब्बर ने रविवार को यहां दावा किया कि प्रियंका गांधी का स्वागत ऐतिहासिक होगा।

प्रियंका गांधी का लखनऊ में रोड के दौरान जिस बस पर प्रियंका गांधी, राहुल गांधी समेत अन्य नेता सवार हैं, वहां से ही राहुल ने प्रियंका के साथ राफेल विमान का डमी लोगों को दिखाया। मालूम हो कि राफेल विमान के सौदे को लेकर राहुल गांधी काफी समय से केंद्र सरकार को घेरते रहे हैं।

प्रियंका गांधी को देखने के लिए एयरपोर्ट से आलमबाग तक भारी भीड़ जुटी हुई है। अमेठी, रायबरेली, सुल्तानपुर और उन्नाव से आए हजारों कार्यकर्ता प्रियंका गांधी के स्वागत के लिए पहुंचे हैं।

51 किलो की माला लेकर रायबरेली से कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ता लखनऊ पहुंचे। रथ के ऊपर से ही प्रियंका गांधी ने माला को स्वीकार किया। यहां भव्य फूलों की वर्षा भी की गई।

रोड शो के लिए तैयार किए गए रथ पर प्रियंका और इंदिरा गांधी का फोटो एक साथ लगाया गया है। इसके अलावा राहुल गांधी, राजबब्बर और ज्योतिरादित्य सिंधिया के भी फोटो लगाए गए हैं।

कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी और ज्योतिरादित्य सिंधिया के लखनऊ में रोड शो से पहले यहां उनके स्वागत के लिए कांग्रेस मुख्यालय को तिरंगों से सजाया गया।