आज 6 मार्च को फाल्गुन अमावस्या पर लोग व्रत रखते हैं और भगवान से सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। इस दिन लोग अपने पूर्वजों का तर्पण या श्राद्ध भी करते हैं और कामना करते हैं कि परिवार पर उनका आशीर्वाद बना रहे।

हिंदू कैलेंडर में फाल्गुन साल का अंतिम माह होता है। खास बात यह है इसी माह में रंगों का त्योहार होली आता है और इसी के बाद से नए वर्ष की शुरुआत मानी जाती है। फाल्गुन मास की अमावस्या का काफी धार्मिक महत्व है। इसे लाभकारी और खुशियों भरा माना जाता है।

माना जाता है कि फाल्गुन अमावस्या पर देवताओं का निवास संगम तट पर होता है। इस दिन प्रयाग संगम पर स्नान का भी अति महत्व होता है। एक खास बात और बता दें कि फाल्गुन अमावस्या सोमवार, मंगलवार, गुरुवार या शनिवार को होती है तो लोगों के जीवन पर इसका असर सूर्य ग्रहण से भी ज्यादा सकारात्मक होता है।

फाल्गुन अमावस्या को क्या करें, क्या न करें

इस दिन सुबह गंगा या किसी भी पवित्र नदी में स्नान करें। 

अमावस्या को शनि देव का दिन माना जाता है, इसलिए फाल्गुन अमावस्या के दिन शनि देव को नीले रंग का फूल जरूर चढ़ाएं। साथ ही काला तिल, काली उड़द दाल, सरसों का तेल, काजल और काला कपड़ा शनि मंदिर में चढ़ाएं।

इस दिन गरीबों को दान करें, ऐसा करने से आपके पूर्वज खुश होंगे।

फाल्गुन अमावस्या के दिन भगवान शिव, अग्नि देवता और ब्राह्मणों को उड़द दाल, दही और पूरी के रूप में नैवेद्यम जरूर अर्पण करें। इस प्रसाद को खुद भी खाएं, इससे आपका कल्याण होगा।

शाम को पीपल के पेड़ पर सरसों के तेल का दीया जलाएं और सात चक्कर भी लगाएं। ऐसा करते समय अपने पूर्वजों को याद करें।