Amethi scam : भ्रष्टाचार के पचड़े में फंसे अमेठी के खंड विकास अधिकारी, सड़क पर उतरे बीडीसी सदस्य

स्वामीनाथ शुक्ल | hdnlive
अमेठी । अमेठी के खंड विकास अधिकारी भ्रष्टाचार के पचड़े में फंसे हैं। जिससे सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं। सरकार से आने वाली विभिन्न विकास योजनाओं के नाम पर सरकारी धन हड़पने की खबर है। इसी मामले को लेकर सामूहिक रूप से क्षेत्र पंचायत सदस्य बीडीओ के खिलाफ धरने पर बैठ गए थे। लेकिन पंगा थमा नहीं है। क्षेत्र पंचायत सदस्य अब बड़े पैमाने पर धरना प्रदर्शन की तैयारी में जुटे हैं।

3 करोड़ 45 लाख रुपए के फर्जी तरीके से भुगतान

WhatsApp Image 2023 06 03 at 7.02.16 AM

इस बार बीडीसी सदस्यों के साथ ग्राम प्रधान भी बीडीओ के खिलाफ धरने पर बैठेंगे। क्षेत्र पंचायत सदस्य भूपेंद्र मिश्र ने बताया कि क्षेत्र पंचायत के खाते से 3 करोड़ 45 लाख रुपए के फर्जी तरीके से भुगतान हो चुके है। इसके साथ मोचवा में 60 मीटर इंटर लाकिंग सड़क का बिना निर्माण के फर्जी तरीके से भुगतान हो चुका है। जबकि जमीन पर खड़ंजा लगा नहीं है। 5 लाख 93 हज़ार रुपए वाटर कूलर के नाम पर हड़पे गए है। लेकिन वाटर कूलर लगे नहीं है। 600 पीस स्ट्रीट लाइट के नाम पर भारी भरकम रकम निकाली गई है। लेकिन स्ट्रीट लाइट केवल सौ पीस लगी है।

हैंडपंप रिवोर के नाम पर बड़े पैमाने पर सरकारी धन हड़पे

भाजपा नेता भूपेंद्र मिश्र ने बताया कि 3 लाख 46 हजार रुपए ब्लाक की मरम्मत के नाम पर निकाले गए हैं। लेकिन पांच हजार रुपए में केवल चूने से पुताई कराई गई है। इंडिया मार्का टू हैंडपंप रिवोर के नाम पर बड़े पैमाने पर सरकारी धन हड़पे गए हैं। लेकिन कही पर नल की मरम्मत नहीं हुई है।इसी तरीके से विभिन्न विकास योजनाओं के नाम पर सरकारी धन हड़पे गए हैं। उन्होंने बताया कि 3 करोड़ 45 लाख रुपए के सरकारी भुगतान में 2 करोड़ 84 लाख रुपए का भुगतान एक ही फर्म कृष्णा मेसर्स के नाम हुआ है।

अधिसंख्य बीडीसी सदस्य भाजपा के पदाधिकारी है

क्षेत्र पंचायत सदस्य ने बताया कि दो साल में 6 बैठक होनी चाहिए थी। लेकिन केवल दो बैठक हुई है। जिससे बीडीओ क्षेत्र पंचायत सदस्यों के मानदेय तक को निकाल कर खा चुके हैं। इसमें अधिसंख्य बीडीसी सदस्य भाजपा के पदाधिकारी है। लेकिन भ्रष्टाचार के आगे भाजपा नेताओं को भी धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। भूपेंद्र मिश्र ने बताया कि 28 अप्रैल को जनसूचना अधिकार के तहत सूचना मांगी थी। लेकिन एक महीने से ज्यादा गुजर गए हैं। फिर भी जनसूचना नहीं मिली है। जबकि 30 दिन के अंदर सूचना देने का नियम बना है।

हरिश्चंद्र सिंह के कार्यकाल में सरकारी धन हड़पने का अभियान चल रहा है

अधिवक्ता एवं क्षेत्र पंचायत सदस्य गिरीश तिवारी ने बताया कि हरिश्चंद्र सिंह अमेठी के खंड विकास अधिकारी है। करीब तीन साल से अमेठी में तैनात हैं। इनके कार्यकाल में सरकारी धन हड़पने का अभियान चल रहा है। भ्रष्टाचार के मामले में अमेठी के खंड विकास अधिकारी हरिश्चंद्र सिंह ने बताया कि कृष्णा मेसर्स सामानों की सप्लाई करती है। जिससे भुगतान कृष्णा मेसर्स के नाम पर होता है। एक ही फर्म से सामानों की खरीदारी के जबाव में बीडीओ ने कहा कि हर सवाल का जवाब नहीं होता है। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कहा कि इसी तरीके का खेल सभी ब्लाकों में चल रहा है। क्षेत्र पंचायत के खाते में आने वाली रकम को बीडीओ, खंड प्रमुख और सप्लाई करने वाली फर्म मिलकर धन हड़पने में जुटे हैं। जबकि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भ्रष्टाचार मिटाने में जुटे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने इसकी शिकायत केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी और उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से भी की है। पाठक दो दिन पहले अमेठी आए थे।