Delhi Court : साकेत कोर्ट परिसर में महिला को गोली मारी, हालत गंभीर

नई दिल्ली (hdnlive)। दिल्ली के साकेत कोर्ट (delhi saket court)परिसर में गोली चली है। यहां एक हमलावर ने महिला को गोली मार दी। घायल महिला की हालत गंभीर है। उसे दिल्ली एम्स पहुंचाया गया। उसका इलाज चल रहा है।

कोर्ट परिसर में चार राउंड गोली चलने की सूचना मिली है। महिला के पेट में गोली लगी है। पुलिस अधिकारी उसे अपनी कार में बैठाकर एम्स ले गए। महिला को एक से अधिक गोली लगी है। साकेत कोर्ट में सुरक्षा के कड़े इंतजाम हैं। प्रवेश द्वार पर मेटल डिटेक्टर लगे हैं। इसके बाद भी हमलावर पिस्टल लेकर कोर्ट परिसर में घुसने में कामयाब हो गया। सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार हमलावर वकील के गेटअप में था।

सीसीटीवी कैमरे के आधार पर पुलिस ने की हमलावर की पहचान
घटना सुबह करीब 10:10 बजे घटी। हमलावर काले कोर्ट में था। उस वक्त कोर्ट कैंपस में बहुत भीड़ थी। पुलिस ने कोर्ट में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज के आधार पर हमलावर की पहचान कर ली है। वह हिस्ट्रीशीटर बताया जा रहा है। ऐसा कहा जा रहा है कि हमलावर और महिला के बीच पैसे को लेकर विवाद था। महिला के साथ उसकी पुरानी दुश्मनी थी।

फायरिंग होते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई

हमलावर ने बेहद करीब से महिला को गोली मारी। गोली लगते ही महिला जमीन पर गिर गई थी। फायरिंग होते ही कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। इस दौरान हमलावर भाग निकला। मौके पर मौजूद लोगों ने महिला को जमीन पर से उठाया। इसके बाद पुलिसकर्मी महिला को एम्स ले गए।