नई दिल्ली (hdnlive)। दिल्ली सरकार सभी को मुफ्त साफ पानी देने का दावा करती है, लेकिन हकीकत इसके ठीक उलट है। इलाके में गंदे पानी की आपूर्ति से लाेग परेशान हैं। जैसे-जैसे गर्मी बढ़ रही है इलाके में पानी की समस्या से लोगों को दो चार होना पड़ रहा है। हालत यह है कि कई इलाकों में नहाने व खाना बनाने लायक भी पानी नहीं आ रहा है। लोग पीने के लिए पानी खरीद रहे हैं। अगर यही हालत रही तो लोगों के स्वास्थ्य पर असर पड़ने लगेगा। यह बातें दिल्ली प्रदेश भाजपा की प्रवक्ता नेहा शालिनी दुआ ने कही।
नेहा शालिनी ने कहा कि हरि नगर में चार दिनों से नल में गंदे पानी की सप्लाई हो रही है। हालत यह है कि लोग गंदा पानी आने के बाद टंकी साफ करवाते हैं कि अगले दिन साफ पानी आएगा, लेकिन अगले दिन भी गंदा पानी आता है। यहां पर कई लोगों ने कहा कि गंदे पानी के कारण नहाना भी दूभर हो गया है।
इसके अलावा शिव विहार इलाके में गंदे पानी की सप्लाई पिछले काफी समय से हो रही है। यही हाल बुढेला इलाके का भी है। कई बार लोग इसकी शिकायत कर चुके हैं, लेकिन समस्या के समाधान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राजधानी का विकास कार्य ठप पड़ा हुआ है। लोगों को मूलभूत सुविधाएं भी नहीं दी जा रही है। जनता त्रस्त है और दिल्ली सरकार पर इसका कोई असर नहीं हो रहा है।