मुजफ्फरपुर एसएसपी के घर रेड, बड़ी मात्रा में पुराने नोट बरामद

बिहार में किसी आईपीएस अधिकारी के सरकारी आवास पर पहली रेड की खबर मुजफ्फरपुर से है। एसएसपी विवेक कुमार के आवास से छापेमारी के दौरान सवा 6 लाख नकद, साढ़े 5 लाख के गहने और करीब 45 हजार रुपए के पुराने नोट मिले हैं। यूपी में उनके कई आवास पर छापेमारी चल रही है। सहारनपुर, मुजफ्फरनगर इसमें शामिल हैं। बताया जा रहा है कि विवेक कुमार बहुत जल्द केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर जाने वाले हैं। इस रेड के बाद उनका प्रतिनियुक्ति पर जाना लटक सकता है। बताते चलें विवेक कुमार 2007 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। वर्तमान में मुजफ्फरपुर में सीनियर एसएसपी के पद पर कार्यरत हैं। लंबे दौर से उन पर शराब कारोबारियों से सांठगांठ और पोस्‍टिंंग में पैसे लेने का आरोप है। विवेक कुमार तब सुर्खियों में आए थे जब पानापुर थाना के एक दरोगा संजय गौड को महज एक दिन के लिए थानेदार बनाया फिर उसे हटा दिया। संजय ने अवसाद में आत्महत्या कर ली थी। तब उसकी पत्नी ने विवेक कुमार पर आरोप लगाया था।

विशेष निगरानी इकाई की टीम ने उनके मुजफ्फरपुर आवास पर सोमवार दोपहर बाद अचानक धावा बोला और कई घंटे छापामारी की। आवास से काफी संख्या में पुराने नोट बरामद हुए हैं। टीम ने पहुंचते ही तुरंत एसएसपी विवेक कुमार के आवास से सभी गार्ड्स को बाहर निकाल दिया। घर में मौजूद सभी लोगों के मोबाइल बंद करा दिए गए। आवास के अंदर किसी को प्रवेश नहीं करने दिया जा गया। स्पेशल विजिलेंस के आईजी रत्न संजय के नेतृत्व में एसएसपी आवास में छापामारी चली। दो वाहनों में अधिकारी व एक बड़े वाहन में जवान पहुंचे थे। उनके साथ ही दो एसपी स्तर के अधिकारी भी टीम में शामिल थे।

स्पेशल विजिलेंस की टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया एसएसपी विवेक कुमार के आवास से कई महत्वपूर्ण दस्तावेज मिले हैं। बीमा के कागजात, नगदी समेत कई कागजात मिले हैं। सबसे बड़ी चौकाने वाली बात यह कि भारी संख्या में पुराने करेंसी नोट बरामद हुए हैं। इसकी अधिकारिक पुष्टि हो गई है। एसएसपी विवेक कुमार पर केस दर्ज किया गया है। बताया जा रहा है कि विजिलेंस की टीम ने विवेक कुमार के मुजफ्फरपुर, दिल्ली, पटना समेत यूपी के भी कुछ ठिकानों पर भी छापामारी की। विवेक कुमार भागलपुर में भी तैनात रह चुके हैं। वहां भी कुछ लोगों पर विजिलेंस की नजर बताई जा रही है।