धीरज साहू का काला धन गांधी परिवार का एटीएम कार्ड – स्मृति ईरानी

स्वामीनाथ शुक्ल / Hdnlive

अमेठी: केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी ने कहा कि कांग्रेस के सांसद धीरज साहू के अकूत का काला धन गांधी परिवार के एटीएम कार्ड से जुड़ा है। जिससे भाजपा काले धन के खुलासे का इंतजार करेगी। काले धन के भ्रष्टाचार का एटीएम कार्ड गांधी परिवार में किसका है। सवाल का जवाब अभी बाकी है।केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी शनिवार को अमेठी में पत्रकारों से बातचीत में कहा कि कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज साहू के यहां आयकर विभाग के छापे में नोट गिनते-गिनते इंसान के साथ-साथ मशीन भी थक गई है। लेकिन कांग्रेस के भ्रष्ट नेता के घर से पैसा अब भी बरामद हो रहा है। उन्होंने कहा भ्रष्टाचार के 200 करोड़ रुपए कांग्रेस के एक भ्रष्ट सांसद के घर से निकले हैं। यह गांधी खानदान में किसका एटीएम है, इस सवाल के जवाब का इंतजार रहेगा। उन्होंने कहा कांग्रेस का यह पहला सांसद नहीं है जो भ्रष्टाचार में लिप्त है। आखिर ऐसा क्यों है कि जहां घोटाला है वहीं कांग्रेस का नेता भी है। कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य धीरज प्रसाद साहू की ओडिशा स्थित बौध डिस्टिलरी प्राइवेट लिमिटेड और उससे जुड़ी कंपनियों के खिलाफ आयकर विभाग की छापेमारी में अब तक 225 करोड़ रुपए की बेहिसाब नकदी बरामद की गई है। आयकर विभाग राशि की गिनती के लिए तीन दर्जन से अधिक नोट गिनने वाली मशीनें लगाई हैं। मशीनों की सीमित क्षमता की वजह से बेहिसाब राशि को गिनने में समय लग रहा है। अधिकारियों ने बताया कि अलमारियों में रखी 200 करोड़ रुपए की नकदी ओडिशा के बोलनगीर जिले में डिस्टिलरी समूह के परिसर से बरामद की गई है। जबकि शेष राशि ओडिशा के संबलपुर तथा सुंदरगढ़, झारखंड के बोकारो और रांची जैसे अन्य स्थानों से बरामद की गई। कुछ रकम कोलकाता से भी मिली।

जनता से जो लूटा है

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक हिंदी समाचार पत्र की खबर साझा की जिसमें दावा किया गया है कि झारखंड से कांग्रेस सांसद धीरज प्रसाद साहू से कथित तौर पर संबद्ध एक कारोबारी समूह के विभिन्न ठिकानों से आयकर विभाग ने 200 करोड़ रुपए की नकदी बरामद की है। प्रधानमंत्री ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘‘देशवासी इन नोटों के ढेर को देखें और फिर इनके नेताओं के ईमानदारी के ‘भाषणों’ को सुनें… जनता से जो लूटा है। उसकी पाई-पाई लौटानी पड़ेगी। यह मोदी की गारंटी है। केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी विकसित भारत संकल्प यात्रा को संबोधित करते हुए गांधी नेहरू परिवार का नाम लिए बगैर उस पर निशाना साधा और कहा, ‘जिस क्षेत्र में वर्षों तक भारत के शीर्ष राजनेताओं ने राज किया हो और यहीं की बदौलत सत्ता सुख भोगते रहे, उन्होंने अमेठी के बारे में नहीं सोचा।उन्होंने केंद्र सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं और नीतियों का विस्तार से जिक्र करते हुए कहा कि भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र के रूप में स्थापित किया जाएगा। इस मौके पर राम प्रसाद मिश्र, विजय गुप्ता, चंद्र प्रकाश मिश्र मटियारी, राजेश मसाला, अमरेंद्र सिंह पिंटू,सुधांशु शुक्ल, विषुव मिश्र आदि मौजूद थे।