हज सफर : हज कमेटी से वापस ले सकेंगे पासपोर्ट, बैंक खाते मे आएंगे पैसे वापस

नई दिल्ली। दिल्ली राज्य हज कमेटी के एक्जीक्यूटिव ऑफिसर डॉक्टर अशफ़ाक़ अहमद आरफी ने कहा कि इस साल का हज 2020 के लिए सऊदी अरब ने भारत सहित सभी देशों के हज यात्रियों के लिए हज सफर पर रोक लगा दी है। इस सिलसिले मे हज कमेटी ऑफ इंडिया ने एक सर्कुलर जारी किया है। जिसको लेकर अल्पसंख्यक मंत्रालय के मंत्री ने एक प्रेस वार्ता में इसकी घोषणा कर दी है।

उन्होंने कहा कि सऊदी अरब मे हज सीमित कर दिया गया है। सिर्फ सऊदी अरब मे रहने वाले लोग ही इस साल हज कर सकेंगे। बाकी सभी देशों के हज यात्री सऊदी अरब मे हज करने नही जा सकेगें। जिसे लेकर सऊदी अरब सरकार की और से कल एक सर्कुलर जारी कर दिया गया था। इस सिलसिले मे हज कमेटी ऑफ इंडिया की ओर से भी एक सर्कुलर जारी किया गया है। जिसमे बताया गया है कि भारत के वो सभी हज यात्री जो इस साल हज करने जाने वाले थे उनका फॉर्म कैंसिल कर दिए गए है। उन्होंने जो पैसे हज कमेटी ऑफ इंडिया मे जमा कराएं है, वो उनके खाते मे वापस भेज दिए जाएंगे।

डॉक्टर अशफ़ाक़ अहमद आरफी ने कहा कि जहां तक पासपोर्ट का सवाल है वो लॉकडाउन की वजह से मुंबई नही भेजे जा सके। वो स्टेट हज कमेटी के पास मौजूद हैं। मीडिया के माध्यम से जैसे-जैसे आज़मीन हज को मालूम हो रहा है, वो स्टेट हज कमेटी मे आकर अपने पासपोर्ट ले रहे हैं। इसके लिए बाकायदा सरकार की तरफ से जारी दिशा निर्देश का पालन किया जा रहा है, और पूरी तैयारी की गई है।