पंजाब में सभी 13 सीटों पर आम चुनाव लड़ेगी आप

आम आदमी पार्टी (आप) प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने हाल ही में पार्टी छोड़कर जाने वालों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने ऐसा किया वे पद और टिकटों के लालची और अवसरवादी थे।

केजरीवाल ने पंजाब में आगामी लोकसभा चुनाव के लिए अपनी पार्टी का प्रचार अभियान शुरू किया। यहां एक रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कांग्रेस की अगुवाई वाली राज्य सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि अपने चुनावी वादे पूरा करने में विफल रहकर उसने लोगों को धोखा दिया है।

पंजाब में सभी 13 सीटों पर आम चुनाव लड़ेगी आप

केजरीवाल ने रविवार को घोषणा की कि पार्टी पंजाब की सभी 13 लोकसभा सीटों पर चुनाव लड़ेगी। उन्होंने संगरूर में मीडिया से कहा-लोग बदलाव चाहते हैं। वे एनडीए सरकार से तंग आ चुके हैं।

– दो सांसदों का निलंबन बरकरार

पंजाब से आप के दो सांसद, धरमवीरा गांधी और हरिंदर खालसा, जिन्हें अगस्त 2015 में आप से निलंबित कर दिया गया था। उनका निलंबन भी यथावत है। आप से दो मौजूदा सांसद भगवंत मान (संगरूर) और साधु सिंह (फरीदकोट) की उम्मीदवारी बरकरार है।

पार्टी में अंदरूनी विवाद कायम

पंजाब में 13 लोकसभा सीटें हैं। पिछले दो वर्षों से पार्टी में अंदरूनी विवाद व विद्रोह की खबरें आती रही हैं। विधायक सुखपाल सिंह खैरा, एचएस फुल्का और बलदेव सिंह पार्टी छोड़ चुके हैं। फुल्का विधायक पद से भी इस्तीफा दे चुके हैं।

– पार्टी तोड़ने का प्रयास किया

केजरीवाल ने कहा-कुछ दिन पहले कुछ लोग ‘आप’ छोड़कर चले गए। विरोधियों ने कहना शुरू कर दिया कि ‘आप’ बिखर जाएगी। देश में किसी का साहस नहीं कि पार्टी को तोड़ सके। कांग्रेस, अकाली दल और भाजपा ने पिछले पांच सालों में पार्टी तोड़ने का बहुत प्रयास किया, लेकिन भगवान हमारे साथ हैं। केजरीवाल ने कहा-‘जिन लोगों ने आप छोड़ी वे पार्टी में रहने योग्य नहीं थे। वे अवसरवादी थे और पद एवं टिकटों के लालची थे।

ये नेता छोड़ चुके हैं ‘आप’

पंजाब से ‘आप’ के दो बागी नेता भोलाठ से विधायक सुखपाल सिंह खैरा और जैतू से विधायक बलदेव सिंह के अलावा वरिष्ठ वकील एचएस फूलका ने हाल ही में पार्टी छोड़ दी है। खैरा को पिछले साल नवंबर में पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल रहने के कारण पार्टी से निलंबित कर दिया गया था।

वे हमें काम करने से रोकते हैं

केजरीवाल ने केंद्र की एनडीए सरकार पर राष्ट्रीय राजधानी में विकास कार्यों में बाधा उत्पन्न करने का आरोप लगाते हुए कहा-‘उन्होंने हमें दिल्ली में सरकार नहीं चलाने देने का प्रयास किया। हम अस्पताल, स्कूल बनाना चाहते हैं लेकिन वे हमारे प्रयासों में बाधा उत्पन्न करते रहे। परंतु हमने उनका मुकाबला किया और अच्छा काम किया।

भगवंत मान ने कसम खाकर कहा, नहीं पियूंगा शराब

कई बार शराब पीकर हंगामा खड़ा कर चुके आप सांसद भगवंत मान ने पंजाब के बरनाला में रैली के दौरान शराब नहीं पीने की कसम खाई। उन्होंने मंच पर अपनी मां और जनता के सामने वादा किया कि वे अपना तन मन धन पंजाब की सेवा के लिए लगाएंगे। दिल्ली के उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया ने ट्विटर पर यह बात साझा की। इसके पहले मान पर संसद में भी शराब पीकर जाने के आरोप लग चुका है। इसे लेकर कई सांसदों ने लोकसभा स्पीकर से मान की शिकायत की थी।