मुजफ्फरपुर कांड: जंतर-मंतर पर प्रदर्शन में कई विपक्षी नेता पहुंचे

मुजफ्फरपुर कांड पर आरजेडी बिहार की नीतीश सरकार पर हमलावर है। शनिवार को बिहार सरकार के खिलाफ आरजेडी के नेतृत्व में जंतर-मंतर पर धरना प्रदर्शन किया जा रहा है। इस दौरान विपक्षी एकजुटता भी दिखाई दे रही है। RJD नेता तेजस्वी यादव के समर्थन में डी. राजा, शरद यादव, संजय सिंह, जीतनराम मांझी, कन्हैया कुमार समेत विपक्षी दलों के कई नेता पहुंचे हैं। खास बात यह है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी धरने में शामिल हो गए हैं। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी जल्द ही प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं।

शनिवार को तेजस्वी ने इस मामले में बिहार सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि बाल आयोग की रिपोर्ट सामने आने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। जब टाटा इंस्टि्यूट की रिपोर्ट सामने आई तब जाकर 2 महीने के बाद FIR दर्ज की गई। उन्होंने कहा कि इसमें भी मुख्य आरोपी ब्रजेश ठाकुर का नाम नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया, ‘आरोपी ब्रजेश नीतीश जी का करीबी रहा है।’

उन्होंने आगे कहा, ‘हम चाहते हैं कि ब्रजेश ठाकुर को फांसी दी जाए।’ तेजस्वी यादव ने कहा कि अगर आप बिहार में अपराध के आंकड़ों पर नजर डालिए तो पिछले साल में इसमें काफी बढ़ोतरी हुई है। राज्य में गैंगरेप के मामले एक के बाद एक कई जिलों से सामने आ रहे हैं।आपको बता दें कि प्रदर्शन के बाद पीड़ित बच्चियों को इंसाफ दिलाने की मांग करते हुए ‘कैंडल मार्च’ भी निकाला जाएगा।

‘जानकारी देनेवाली बच्ची जिंदा है या नहीं, पता नहीं’

तेजस्वी यादव ने कहा कि जिस बच्ची ने यह पूरी जानकारी दी थी उसे मधुबनी के किसी शेल्टर होम में शिफ्ट कर दिया गया है। शिफ्ट किए जाने के बाद उसके बारे में कोई जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि हम नहीं जानते कि वह जीवित है या उसकी हत्या कर दी गई या वह लापता है।