स्कूल में ले जाकर विवाहित महिला से किया गैंगरेप

बाहरी दिल्ली के अमन विहार इलाके में सोमवार को सनसनीखेज मामला सामने आया। एक स्कूल के अंदर ले जाकर जौहरी और उसके साथियों ने महिला से गैंगरेप की वारदात को अंजाम दिया। आरोपियों ने महिला को धमकी दी कि मामले के संबंध में किसी को जानकारी देने पर उसके पति और बच्चे को जान से मार देंगे। मेडिकल में बलात्कार की पुष्टि हुई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के मुताबिक, पीड़ित 26 वर्षीय महिला पति और तीन साल के बच्चों के साथ अमन विहार इलाके में रहती है। उसने प्रेम विवाह किया है।

उसने पुलिस को बताया कि पिछले हफ्ते वह प्रेम नगर इलाके में स्थित एक जौहरी की दुकान पर अंगूठी बनवाने गई थी। दुकान में वह करीब आधे घंटे बैठी। उसे आरोपी जौहरी ने कई अंगूठियां दिखाईं। जौहरी का इलाके में ही एक स्कूल है। स्कूल जौहरी की मां के नाम पर है। उसने अंगूठी बनवाने के लिए अगले दिन उसे बुलाया। महिला दुकान पर पहुंची तो इस दौरान उसने अपने रहने के लिए जगह के संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि जौहरी उसे स्कूल ले गया, जहां उसके दो साथी पहले से मौजूद थे। दोनों शराब पी रहे थे। महिला ने वहां से भागने का प्रयास किया, लेकिन वह असफल रही।

तीसरे साथी की तलाश : पुलिस अब आरोपियों के फरार तीसरे साथी की तलाश में छापेमारी कर रही है। आरोपी का वारदात के बाद से ही फोन स्विच ऑफ है। पुलिस फोन को सर्विलांस पर लगाकर जांच कर रही है, जिससे उसकी लोकेशन के संबंध में पता चल पाए। आरोपी के परिवार से भी उसके ठिकानों के बारे में पूछताछ कर रही है।