लोग बदबूदार पानी पीने को मजबूर है-रामवीर सिंह बिधूड़ी

नई दिल्ली (hdnlive)। नेता प्रतिपक्ष Ramveer Singh Bidhuri ने आज केजरीवाल सरकार पर जोरदार हमला बोलते हुए कहा है कि केजरीवाल के विधायक और निगम पार्षद ने मिलकर त्रिलोकपुरी को कूड़े का घर बना दिया है। Trilokpuri की जनता बदबूदार पानी पीने को मजबूर हैं। आज यहां एक प्रेसवार्ता में उन्होंने उपचुनाव में जनता को अपने बीच के ऐसे प्रत्याशी को चुनने को कहा जो उनकी समस्याओं से पूरी तरह से परिचित हो और हर वक्त उनके साथ खड़ा रहे। प्रेस वार्ता में भाजपा विधायक जितेन्द्र महाजन, प्रदेश मीडिया प्रमुख नवीन कुमार, मयूर विहार जिला अध्यक्ष विनोद बछेती और त्रिलोकपुरी वार्ड से भाजपा उम्मीदवार ओम प्रकाश गुगरवाल उपस्थित थे।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि भाजपा प्रत्याशी ओम प्रकाश गुगरवाल स्थानीय हैं, वहीँ ‘आप’ प्रत्याशी बाहरी है और वह इस क्षेत्र से पूरी तरह अनजान है। उन्होंने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के लोग गरीबों से जबरन वसूली करते हैं। त्रिलोकपुरी क्षेत्र में विधायक और निगम पार्षद दोनों ही आम आदमी पार्टी के हैं इसके बावजूद विकास का कोई कार्य नहीं हुआ है। क्षेत्र में कोई पार्क, स्कूल, कॉलेज या फिर अस्पताल नहीं बना है।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने केजरीवाल सरकार की छह साल की नाकामी उजागर करते हुए पूछा कि आखिर क्यों केंद्र सरकार की योजनाओं को दिल्ली में लागू नहीं किया जाता है? उन्होंने पीएम आवास योजना, आयुष्मान भारत योजना स्वच्छ भारत अभियान योजना न लागू करने का कारण भी पूछा। पुर्नवास कॉलोनियों को अभी तक मालिकाना हक नहीं मिल पाया है, जबकि केजरीवाल ने यह वादा छह साल पहले किया था।

रामवीर सिंह बिधूड़ी ने कहा कि कोरोना काल में मोदी सरकार ने 72 लाख लोगों को 11 किलो राशन मुफ्त में दिया लेकिन, केजरीवाल सरकार ने क्या किया? अगर केजरीवाल सरकार ने सही से काम किया होता तो लोग कोरोना काल में पलायन करने पर मजबूर नहीं हुए होते। आज दिल्ली की हालत जर्जर हो चुकी है। प्रदूषण से दिल्ली त्रस्त है लेकिन नींद में सोई केजरीवाल सरकार सिर्फ और सिर्फ दूसरे राज्यों में अपना राजनीतिक विस्तार करने में लगी है।