भाजपा के वरिष्ठ नेता रमेश अम्बावता अपनी पत्नी और सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ AAP में शामिल

नई दिल्ली (hdnlive)। पिछले 30 सालों से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय एवं भारतीय जनता पार्टी (BJP)के बड़े नेता रमेश अम्बावता और उनकी धर्मपत्नी पूर्व निगम पार्षद चमन अम्बावता अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के  आम आदमी पार्टी (AAP) में शामिल हो गए। उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की नीतियों से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया है। पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं एमसीडी प्रभारी दुर्गेश पाठक की मौजूदगी में उन्होंने सदस्यता ग्रहण की। दुर्गेश पाठक ने पार्टी की टोपी एवं पटका पहनाकर सभी का स्वागत किया।

आज पार्टी मुख्यालय में एक कार्यक्रम के दौरान पिछले 30 साल से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय रहे और  भारतीय जनता पार्टी का दिल्ली संगठन का बड़ा चेहरा कहे जाने वाले रमेश अम्बावता और उनकी धर्मपत्नी चमन अम्बावता जो पूर्व में भाजपा की निगम पार्षद भी रह चुकी हैं, अपने सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ आम आदमी पार्टी में शामिल हुए। आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता दुर्गेश पाठक की मौजूदगी में सभी ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। दुर्गेश पाठक ने पार्टी में शामिल होने पर सभी का दिल से आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दुर्गेश पाठक ने कहा कि यह सभी सम्मानित नेतागण आज आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं, हम सभी का दिल से आभार व्यक्त करते हैं और सभी को इस बात का आश्वासन दिलाते हैं कि जिस सोच और उम्मीद के साथ यह सभी लोग आम आदमी पार्टी में शामिल हुए हैं, आम आदमी पार्टी इनकी उम्मीदों पर हमेशा खरी उतरेगी। जिस विकास की सोच को लेकर यह लोग आम आदमी पार्टी में आए हैं, आम आदमी पार्टी कभी भी इनकी उम्मीदों को टूटने नहीं देगी। दुर्गेश पाठक ने कहा कि यह सभी लोग अपने अपने क्षेत्र में और अपने समाज में अपनी एक पहचान रखते हैं और हमें उम्मीद है कि इनके पार्टी में शामिल होने से दिल्ली की राजनीति में आम आदमी पार्टी के संगठन को और मजबूती मिलेगी।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रमेश अम्बावता जी ने कहा कि मैं लगभग पिछले 30 सालों से दिल्ली की राजनीति में सक्रिय रहा हूं। समय-समय पर भारतीय जनता पार्टी में अलग-अलग पदों पर काम किया है। मैंने दिल्ली में भाजपा की सरकार का कार्यकाल भी देखा है और कांग्रेस की सरकार का कार्यकाल भी देखा है। परंतु पिछले 5 साल के कार्यकाल में अरविंद केजरीवाल जी की सरकार ने दिल्ली में जो अद्भुत परिवर्तन किए, शिक्षा के स्तर पर, स्वास्थ्य के स्तर पर जो आमूलचूल परिवर्तन किए, इतिहास में ऐसा किसी भी सरकार ने नहीं किया है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली के शिक्षा मॉडल और स्वास्थ्य मॉडल की चर्चा न केवल देश में अपितु पूरे विश्व में हो रही है। दुनिया के अलग-अलग कोनों से लोग आकर दिल्ली का शिक्षा मॉडल और स्वास्थ्य मॉडल देखते हैं, उससे सीखते हैं और अपने अपने देश में इस मॉडल को लागू करने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में जो मुफ्त पानी और आधे दामों पर बिजली मुहैया कराई जा रही है, इसका लाभ सीधे सीधे दिल्ली की गरीब जनता को पहुंच रहा है। पूरे देश में कोई भी ऐसी सरकार नहीं है, जिसने मुफ्त में पानी उपलब्ध कराकर और आधे दामों पर बिजली 24 घंटे उपलब्ध कराकर भी दोनों ही विभागों को लाभ में चला कर दिखाया हो। रमेश अम्बावता जी ने कहा कि केजरीवाल जी की इन्हीं विकास नीतियों से प्रभावित होकर हमने आम आदमी पार्टी में शामिल होने का निर्णय लिया और मैं मुख्यमंत्री श्री अरविंद केजरीवाल जी को और आम आदमी पार्टी के एक-एक कार्यकर्ताओं को इस बात का आश्वासन देता हूं कि पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ दिल्ली की जनता के हित में काम करूंगा।

रमेश अम्बावता

1) सक्रिय सदस्य भारतीय जनता पार्टी (1991 से अब तक)

2) उपाध्यक्ष भाजपा छतरपुर मंडल महरौली जिला (2000 से 2002 तक)

3) अध्यक्ष अनधिकृत कॉलोनी प्रकोष्ठ महरौली जिला (2002 से 2004 तक)

4) अध्यक्ष भाजपा छतरपुर मंडल महरौली जिला (2004 से 2007 तक)

5) उपाध्यक्ष ओबीसी प्रकोष्ठ दिल्ली प्रदेश भाजपा (2007 से 2008 तक)

6) कोषाध्यक्ष भाजपा महरौली जिला (2008 से 2009 तक)

7) उपाध्यक्ष भाजपा महरौली जिला (2009 से 2014 तक)

8) महामंत्री भाजपा महरौली जिला (2014 से 2015 तक)

9) सदस्य प्रदेश कार्यकारिणी भाजपा दिल्ली प्रदेश (2015 से 2018 तक)

चमन अम्बावता

1) निगम पार्षद भाजपा, आया नगर वार्ड, छतरपुर विधानसभा (2007 से 2012 तक)