अखिलेश के कब्जे वाली घोसी विधानसभा के उपचुनाव में सपा- भाजपा की प्रतिष्ठा दांव पर

स्वामीनाथ शुक्ल | Hdn Live
लखनऊ।
अखिलेश यादव(Akhilesh Yadav) के कब्जे वाली घोसी विधानसभा के उपचुनाव में सपा भाजपा(BJP) में कांटे की लड़ाई है। जिससे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव दोनों की प्रतिष्ठा दांव पर है। अखिलेश यादव को सीट बचाने की चिंता है। दारा सिंह चौहान दल-बदल की राजनीति के कुशल खिलाड़ी हैं। इनके इस्तीफे से खाली घोसी विधानसभा के उपचुनाव में 17 अगस्त तक नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे।18 अगस्त को नामांकन पत्रों की जांच,21 अगस्त को नाम वापसी,5 सितंबर को मतदान और 8 सितंबर को नतीजे आएंगे।मऊ जिले की घोसी विधानसभा के पुराने आंकड़ों में 4024763 मतदाता हैं। इसमें 228859 पुरुष और 194094 महिला मतदाता हैं। इस विधानसभा में सबसे ज्यादा 86 हजार मुस्लिम वोटर है। बाकी 71 हजार दलित,57 हजार यादव,52 हजार राजभर,46 हजार क्षत्रिय,16 हजार राजपूत,13 हजार निषाद,10 हजार मौर्य,9 हजार भूमिहार,8 हजार ब्राह्मण,7 हजार वैश्य,7 हजार साहू और 6 हजार विश्वकर्मा समाज के वोटर है। 2022 के विधानसभा चुनाव में दारा सिंह चौहान(Dara singh chauhan) सपा, विजय कुमार राजभर भाजपा,वसीम इकबाल बसपा और प्रियंका कांग्रेस की उम्मीदवार थी। लेकिन दारा सिंह चौहान सपा से विधायक चुने गए थे। एक साल बाद दारा सिंह चौहान दल-बदल कर भाजपा में वापसी कर लिए हैं। जिससे सपा के कब्जे वाली सीट पर दारा सिंह चौहान भाजपा के उम्मीदवार बनाए गए हैं।

WhatsApp Image 2023 08 14 at 9.32.10 AM

दारा सिंह चौहान सत्ता के लिए 27 साल की राजनीति में सपा, बसपा और भाजपा में आधा दर्जन बार दल-बदल कर चुके हैं। चौहान 1996 में पहली बार बसपा से राज्यसभा सांसद चुने गए थे।चार साल बाद बसपा छोड़कर सपा से 2000 में राज्यसभा सांसद बने थे। इसके बाद सपा छोड़कर बसपा से हाथी पर सवार होकर 2009 में लोकसभा सांसद चुने गए थे। बसपा सांसद का कार्यकाल पूरा होने के बाद भाजपा में विधायक और योगी आदित्यनाथ की कैबिनेट में मंत्री थे। लेकिन 2022 में विधानसभा चुनाव के पहले भाजपा छोड़कर साइकिल पर सवार होकर विधायक बने थे। एक साल बाद छठी बार दल-बदल कर भाजपा में वापसी कर लिए हैं। जिससे घोसी विधानसभा में उपचुनाव की घंटी बज गई है।

दारा सिंह चौहान उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक के पुराने साथी है। जिससे ब्रजेश पाठक के कहने पर सपा छोड़कर भाजपा में वापस आ गए हैं।उप चुनाव पर उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने कहा कि भाजपा की जीत होगी।2024 के लोकसभा चुनाव में सपा साफ हो जाएगी। भाजपा रामपुर और आजमगढ़ भी जीत चुकी है। घोसी विधानसभा में भाजपा की एतिहासिक जीत होगी। जबकि शिवपाल सिंह यादव ने कहा कि घोसी विधानसभा में सपा के वोटर भरे पड़े हैं। जिससे सपा की वापसी होगी। चुनावी प्रचार में जुटे अमरेंद्र सिंह पिंटू ने कहा कि घोसी विधानसभा में भाजपा की एतिहासिक जीत होगी। मोदी और योगी के नाम पर वोट पड़ेंगे।उपचुनाव 2024 के पहले का सेमीफाइनल चुनाव हैं। जिससे नतीजे पर सभी की नजरें है।