‘गोलमाल अगेन’ के साथ न्यूजीलैंड में दोबारा खुलेंगे सिनेमाघर

मुंबई। ‘गोलमाल अगेन’ के साथ न्यूजीलैंड में दोबारा खुलेंगे सिनेमाघर पूरी दुनिया इस समय कोरोना वायरस के कहर से जूझ रही है, ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग को ध्यान में रखते हुए सिनेमाघरों को भी बंद रखा गया था। वहीं अब न्यूजीलैंड जल्द ही सिनेमाघर खोलने की तैयारी में है।

दरअसल न्यूजीलैंड दुनिया का पहला ऐसा देश बन गया है, जो कॉरोनमुक्त हो चुका है। इस खास मौके पर न्यूजीलैंड ने रोहित शेट्टी निर्देशित फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ को थिएटर्स में दोबारा रिलीज करने का निर्णय लिया है। खास बात यह है कि कोविड-19 के बाद ‘गोलमाल अगेन’ फिल्म न्यूजीलैंड में रि-लॉन्च होने वाली पहली हिंदी फिल्म है।

इसकी जानकारी स्वयं रोहित शेट्टी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट शेयर कर दी है। रोहित ने लिखा-‘न्यूजीलैंड ने गोलमाल अगेन को थिएटर में दोबारा रिलीज करने का निर्णय लिया है। कोविड-19 के बाद रि-लॉन्च होने वाली ‘गोलमाल अगेन’ पहली हिंदी फिल्म बनी है। न्यूजीलैंड अब पूरी तरह से कोरोना मुक्त हो चुका है और वह 25 जून से गोलमाल अगेन के साथ अपने थिएटर्स खोल रहा है।

जैसा कि सत्य कहा गया है-‘शो जारी रहना चाहिए!’ रोहित शेट्टी के इस पोस्ट के बाद से सोशल मीडिया पर उन्हें ढेरों बधाईयां मिल रही हैं। रोहित शेट्टी निर्देशित एवं निर्मित फिल्म ‘गोलमाल अगेन’ साल 2017 में रिलीज हुई थी। यह एक एक्शन-कॉमेडी फिल्म थी। इस फिल्म में अजय देवगन, अरशद वारसी, कुणाल खेमू, तुषार कपूर, श्रेयस तल्पड़े, तब्बू और परिणीति चोपड़ा ने मुख्य भूमिका में थे। फिल्म में सभी कलाकारों के अभिनय को दर्शकों ने काफी सराहा था। बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म सुपरहिट हुई थी।