तमिल एक्टर विवेक के निधन पर इंडस्ट्री में शोक की लहर; इन सेलेब्स ने दी श्रद्धांजलि

चेन्नई (hdnlive)। तमिल सिनेमा के जाने-माने एक्टर विवेक ने इस दुनिया को अलविदा कह दिया है। एक्टर और कॉमेडियन विवेक का 59 साल की उम्र में चेन्नई के अस्पताल में निधन हो गया। अस्पताल की तरफ से जारी मेडिकल बुलेटिन में बताया गया है कि तड़के सुबह 4:35 बजे उन्होंने दुनिया को अलविदा कह दिया।

एक दिन पहले शुक्रवार को उन्हें सीने में दर्द की शिकायत के बाद अचेत होने पर चेन्नई के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। विवेक को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां उनकी एन्जियोप्लास्टी हुई थी क्योंकि उनके दिल की एक अहम नस पूरी तरह ब्लॉक हो गई थी। उनको ईसीएमओ सपोर्ट पर रखा गया था।

बता दें कि 59 वर्षीय कॉमेडियन विवेक ने बृहस्पतिवार को कोविड 19 का टीका लगवाया था, घऱवालों ने बताया कि विवेक ने सीने में दर्द की शिकायत की और बेहोश हो गए। उनके न‍िधन से साउथ फ‍िल्‍म जगत में शोक हो गया है। सोशल मीडिया पर तमाम लोग उन्‍हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

तमिलनाडु के स्वास्थ्य सचिव डॉ. जे राधाकृष्णन ने कहा कि अभिनेता को कोविड नहीं था और कोरोना रोधी टीके की उनपर कोई प्रतिकूल प्रतिक्रिया नहीं हुई है। अभिनेता ने गुरुवार को ओमांडूरार सरकारी अस्पताल में टीका लगवाया था।

विवेक को साल 2009 में भारत सरकार ने पद्मश्री से नवाजा था, उन्‍हें तीन बाद बेस्‍ट कॉमेडियन का फ‍िल्‍मफेयर पुरस्‍कार भी मिला था। विवेक ऐसे कलाकार थे जो स्‍क्रीन पर आते ही छा जाते थे और दर्शकों का दिल जीत लेते थे। पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित विवेक ने रजनीकांत, विजय और अजित कुमार समेत कई बड़े तमिल अदाकारों के साथ काम किया है। वह कुछ फिल्मों में मुख्य कलाकार के तौर पर भी नजर आए

एक्टर के निधन से पूरी तमिल इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। सुपरस्टार रजनीकांत, कमल हासन, सूर्या, सामंथा अक्किनेनी, ए आर रहमान, जेनिलिया डिसूजा, एट्ली, हंसिका मोटवानी जैसे कई दिग्गज सेलेब्स ने विवेक को श्रद्धांजलि अर्पित की है।

सुपरस्टार रजनीकांत ने तमिल भाषा में एक्टर के लिए ट्वीट किया। उन्होंने लिखा- मुझे मेरे प्रिय दोस्त और सोशल एक्टिविस्ट विवेक के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हो रहा है। मेरे उनके साथ यादगार पल तब के हैं जब मैं उनके साथ शिवाजी की शूटिंग कर रहा था। रजनीकांत ने विवेक के परिवार के प्रति भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं और एक्टर को श्रद्धांजलि दी।

साउथ सिनेमा की सुपरस्टार एक्ट्रेस और नागार्जुन की बहू सामंथा अक्किनेनी ने भी विवेक को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने ट्वीट किया- ये बहुत बड़ा नुक्सान है। हैरान हूं और बेहद दुखी हूं।

तमिल सिनेमा के सुपरस्टार सूर्या ने लिखा- आप हमारी यादों में हमेशा रहेंगे। आइए एक्टर विवेक के परिवार के साथ इस मुश्किल वक्त में हम उनका साथ दें।

सुपरस्टार एक्टर और राजनेता कमल हासन ने भी तमिल में एक्टर के लिए ट्वीट किया। उन्होंने अपने ट्वीट में बताया कि एक्टर विवेक समाज के लिए बहुत कुछ करना चाहते थे, उनका निधन तमिल सिनेमा के लिए बहुत दुख भरी खबर है।

धनुष ने भी विवेक के निधन पर दुख व्यक्त किया। उन्होंने टूटे हुए दिल के इमोजी के साथ विवेक का नाम ट्वीट किया।

वहीं हंसिका मोटवानी ने एक्टर के लिए दो ट्वीट करते हुए लिखा- मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि आप नहीं रहे सर। आपको याद करूंगी, आपकी जगह कोई नहीं ले सकता।

बॉलीवुड और साउथ सिनेमा की फेमस एक्ट्रेस जेनिलिया डिसूजा ने भी एक्टर के लिए शोक संदेश लिखा। उन्होंने ट्वीट किया- प्रिय विवेक सर, मैं आपसे तब मिली जब मैंने अपनी पहली तमिल फिल्म की थी। आप से ज्यादा दयालु व्यक्ति मैंने आज तक नहीं देखा। आपके इतने प्यार और सपोर्ट के लिए आपका धन्यवाद।

दिग्गज म्यूजिक डायरेक्टर ए आर रहमान ने विवेक के निधन पर लिखा- मुझे विश्वास नहीं हो रहा है कि आप हमें छोड़कर चले गए विवेक। आपने कई सालों तक हमें एंटरटेन किया है। आपकी लिगेसी हमारे साथ हमेशा रहेगी।