किसानों का चक्का जाम : दिल्ली पुलिस की सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर पैनी नजर

नई दिल्ली (hdnlive)। सान संगठनों के शनिवार को प्रस्तावित चक्का जाम से निपटने के लिए दिल्ली पुलिस (delhi Police) ने तैयारी शुरू कर दी है। दिल्ली पुलिस के पीआरओ चिन्मॉय बिस्वाल ने शुक्रवार को बताया कि किसान संगठनों ने शनिवार को चक्का जाम का आह्वान किया है। 26 जनवरी को हुई हिंसा के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने सभी सीमाओं पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए हैं ताकि उपद्रवी राजधानी में प्रवेश न कर सकें।

सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर शेयर की जा रही सभी सामग्रियों पर नजर

पीआरओ ने बताया कि पुलिस या अन्य चीजों के बारे में अफवाहें न फैलाई जाएं यह सुनिश्चित करने के लिए हम सोशल मीडिया प्लैटफॉर्म्स पर शेयर की जा रही सभी सामग्रियों पर नजर बनाए हुए हैं। प्रदर्शनकारी दिल्ली की सीमाओं पर डेरा डाले हुए हैं। हम अन्य राज्यों के पुलिस बल के भी संपर्क में हैं।

केंद्र के साथ ही राज्य सरकारें तक अलर्ट

जानकारी के अनुसार, कृषि कानूनों पर जारी गतिरोध के बीच किसान संगठनों द्वारा शनिवार 6 फरवरी को प्रस्तावित चक्का जाम के आह्वान के बाद केंद्र के साथ ही राज्य सरकारें तक अलर्ट हो गई हैं। इसके मद्देजनर दिल्ली पुलिस कमिश्नर ने शुक्रवार को वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर चक्का जाम के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना से निपटने के इंतजामों पर घंटों तक गहनत चर्चा की।

बता दें कि, नए कृषि कानूनों को वापस लेने और एमएसपी पर कानून बनाने की मांग को लेकर करीब दो महीने से अधिक समय से दिल्ली की सीमाओं पर डेरा डालकर बैठे किसानों ने 6 फरवरी को देशभर के राष्ट्रीय और राज्य मार्गों के साथ ही एनसीआर में भी 3 घंटे का चक्का जाम करने का ऐलान किया है। किसान नेताओं का कहा है कि छह फरवरी को देशभर में आंदोलन होगा। इसके साथ ही, दोपहर 12 बजे से दोपहर तीन बजे तक सड़कों को ब्लॉक भी करेंगे। हालांकि, भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश टिकैत ने आज यह साफ कर दिया है कि दिल्ली में चक्का जाम नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जो लोग यहां नहीं आ पाए वो अपनी-अपनी जगहों पर कल शांतिपूर्ण तरीके से चक्का जाम करेंगे।