औसत से भी नीचे है दिल्ली सरकार का कार्य प्रदर्शन : आदेश गुप्ता

नई दिल्ली (hdnlive)। दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने आज विकासपुरी विधानसभा क्षेत्र के मंडल प्रवास कार्यक्रम के अंतर्गत हस्तसाल, विकासपुरी, रण्होला, बपरौला, सैनिक एन्कलेव एवं विकास नगर मंडलों में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। सभी बैठकों को प्रदेश महामंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने भी संबोधित कर संगठनात्मक वृत लिया। प्रदेश उपाध्यक्ष राजीव बब्बर, नजफगढ़ जिला भाजपा अध्यक्ष विजय सोलंकी एवं जिला सहप्रभारी पूनम पाराशर झा ने भी कार्यकर्ताओं का मार्गदर्शन किया और जिला महामंत्री मुकेश मिश्रा, मंडल अध्यक्ष सर्वश्री सुभाष चतुर्वेदी, रविकांत जोहरी, अमरेन्द्र सिंह, रविन्द्र फोगाट, तपस तिवारी एवं प्रवीण कुमार ने संगठनात्मक वृत से प्रदेश अध्यक्ष को परिचित कराया।

दिल्ली भाजपा अध्यक्ष आदेश गुप्ता ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुये कहा कि दिल्ली सरकार जब से सत्ता में आई है उसका कार्य प्रदर्शन औसत से भी नीचे है, विकास ठप्प है पर वह अपनी मीडिया के माध्यम से बनाई छवि पर सफल हो रही है और भाजपा कार्यकर्ताओं पर दायित्व है कि वह इस सरकार की भ्रमात्मक मीडिया छवि को तोड़ें। श्री गुप्ता ने कहा कि अरविंद केजरीवाल जब से सत्ता में आये वह दिल्ली की शिक्षा व्यवस्था में सुधार के नाम पर उससे खिलवाड़ करते रहे, पर न स्कूलों में शिक्षा स्तर सुधरा न उनका परीक्षा परिणाम। आज भी 70 प्रतिशत सरकारी स्कूलों में न प्रिंसिपल हैं, न पूरे टीचर और न ही विज्ञान तो छोड़िये, कामर्स भी पढ़ाने की सुविधा नहीं है। इस अव्यवस्था का परिणाम है कि सी.बी.एस.ई. की परिक्षाओं में प्रदर्शन बदत्तर होता जा रहा है और अब केजरीवाल सरकार इस अंतर्राष्ट्रीय स्तर के परीक्षा बोर्ड में अपने छात्रों को बैठाने से कतरा रही है।

कक्षा 9वीं से लेकर 12वीं तक फेल होने वाले छात्रों की बड़ी संख्या है और सरकारी स्कूलों का स्तर तो इतना गिर गया है कि पिछले दिनों हम सबने शिक्षा निदेशक का वायरल वीडियो देखा जिसमें वह कह रहे थे कि छात्र परीक्षा में उत्तर न आये तो प्रश्न ही लिख आयें क्योंकि सरकार ने सी.बी.एस.ई. से उन्हे पास कराने की व्यवस्था कर ली है। केजरीवाल सरकार हर व्यवस्था को अपने अनुरूप चलाना चाहती है और जब वह सी.बी.एस.ई. को अपने रंग में ढालने की कोशिश में असफल रही तो अब अपना नया शिक्षा बोर्ड बनाने की बात कर रही है। सारे देश में जिन भी राज्यों में अपने शिक्षा बोर्ड हैं वहां भी लोकप्रिय स्कूल खुद को सी.बी.एस.ई. से संबंधित करते हैं न कि स्थानीय सरकार के बोर्ड से। विदेशों के भी अनेक स्कूल सी.बी.एस.ई. से जुड़े हैं। सारे देश में अभिभावक अपने बच्चों को सी.बी.एस.ई. सम्बंधित स्कूलों में भेजने की पूरी कोशिश करते हैं, छोटे राज्यों के हजारों छात्र इसीलिये दिल्ली में पढ़ने आते हैं।

आदेश गुप्ता ने कहा कि यह दुर्भाग्यपूर्ण है कि सरकारी स्कूलों का शिक्षा स्तर सुधारने में विफल रही केजरीवाल सरकार अब नया शिक्षा बोर्ड बना कर दिल्ली के छात्रों को अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता से वंचित कर रही है। भाजपा केजरीवाल सरकार से सवाल करती है कि आज वह दिल्ली में शिक्षा बोर्ड बना कर अपने स्कूलों की कमियां छिपा रही है तो फिर जब उसके छात्र  यू.पी.एस.सी. या अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में विफल होंगे तो फिर क्या करेगी। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने सरकार को चेतावनी दी है कि वह शिक्षा व्यवस्था से खिलवाड़ बंद करें और भाजपा कार्यकर्ताओं से आग्रह किया कि वह केजरीवाल सरकार की शिक्षा स्तर सुधार में विफलता को जनता के बीच उजागर करें।