चीन और चीनी सामान के विरोध में दिल्ली के रघुबीर नगर में हुआ प्रदर्शन

देश में चीनी समानों का बहिष्कार शुरू हो गया है और इसी क्रम में देश सहित राजधानी दिल्ली के विभिन्न इलाकों में प्रदर्शन हो रहे हैं। रविवार को दिल्ली के रघुबीर नगर में स्थानीय लोगों ने चीनी राष्ट्रपति का पुतला फूंक चीन और चीनी समान के विरोध में प्रदर्शन किया। रघुबीर नगर के ख्याला थाना चौक से शुरू हुआ प्रदर्शन गांववाला चौक से होते हुए नगर के विभिन्न स्थानों पर गया। लोगों ने हिन्दी-चीनी बाय-बाय, चीनी सामान बंद करो जैसे नारे लगाए।

लोगों ने हाथों में तख्तियां भी पकड़ी हुई थीं और वह स्थानीय लोगों से स्वदेशी अपनाने की अपील कर रहे थे। प्रदर्शन में प्रमुखता से शामिल प्रदीप शास्त्री ने कहा कि सेना के जवान सीमा पर जंग लड़ रहे हैं। हमें उनका साथ देना चाहिए और चीनी समान का बहिष्कार करना चाहिए। इस दौरान उन्होंने लोगों को संकल्प भी दिलाया की वह जितना हो सके स्वदेशी अपनाएंगे और चीनी सामान का बिल्कुल प्रयोग नहीं करेंगे। प्रदर्शन के आखिर में लोगों ने चीनी राष्ट्रपति शी जिंगपिंग का पुतला जलाया।