दम्पति को आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में परिवार के तीन लोग गिरफ्तार

शिमला। रोहड़ू पुलिस ने दम्पति को आत्महत्या के लिए प्रेरित करने के मामले में परिवार के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। दम्पति ने विगत शुक्रवार को जंगल में जाकर एक साथ फांसी लगाकर जान दे दी थी। मौत को गले लगाने वाली दम्पति रोहड़ू थाना क्षेत्र के कलगांव की रहने वाली थी। 42 वर्षीय शांता कुमार और 40 वर्षीय मीना का शव शील गांव के जंगल में फांसी के फंदे से लटका मिला था। पुलिस ने मृतक दम्पति की जेठ, जेठानी औऱ इनकी 19 वर्षीय बेटी को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस टीम ने घटनास्थल पर मिले सुसाइड नोट के आधार पर जांच शुरू की और मृतक दंपति के परिजनों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया। दम्पती ने सुसाइड नोट में जेठ श्याम सुंदर,जेठानी तनु और इनकी बेटी अंगिता को आत्महत्या के लिए जिम्मेदार ठहराया है। दम्पति की डेढ़ साल पहले शादी हुई थी और इनके कोई बच्चा नहीं था। रोहड़ू के डीएसपी सुनील नेगी ने शनिवार को बताया कि तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनके खिलाफ आईपीसी की धारा 306,34 के तहत मामला दर्ज किया गया है।