विकास दुबे के एनकाउंटर पर प्रियंका, अखिलेश और मायावती ने उठाये सवाल

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने उत्तर प्रदेश के कानपुर में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के आरोपी विकास दुबे के मुठभेड़ में मार गिराए जाने के बाद शुक्रवार को सवाल किया कि अपराधी का अंत हो गया, लेकिन अपराध और उसको सरंक्षण देने वाले लोगों का क्या होगा।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘अपराधी का अंत हो गया, अपराध और उसको सरंक्षण देने वाले लोगों का क्या?’’ गौरतलब है कि कानपुर के बिकरू गांव में आठ पुलिसकर्मियों की हत्या के मामले का मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी विकास दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में पुलिस मुठभेड़ मे मारा गया। पुलिस अधिकारियों ने इसकी जानकारी दी। विकास दुबे को बृहस्पतिवार को मध्य प्रदेश के उज्जैन से गिरफ्तार किया गया था।

मायावती : पुलिस और आपराधिक और राजनीतिक गठजोड़ की भी जांच की जानी चाहिए।

बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की अध्यक्ष मायावती ने उत्तरप्रदेश के कानपुर कांड की जांच उच्चतम न्यायालय की निगरानी में कराने की मांग करते हुए कहा है कि इससे शहीद पुलिस कर्मियों को न्याय मिल सकेगा। सुश्री मायावती ने शुक्रवार को एक ट्वीट श्रृंखला में कहा कि पुलिस और आपराधिक और राजनीतिक गठजोड़ की भी जांच की जानी चाहिए।

बसपा नेता ने कहा, ” कानपुर पुलिस हत्याकाण्ड की तथा साथ ही इसके मुख्य आरोपी दुर्दान्त विकास दुबे को मध्यप्रदेश से कानपुर लाते समय आज पुलिस की गाड़ी के पलटने व उसके भागने पर यूपी पुलिस द्वारा उसे मार गिराए जाने आदि के समस्त मामलों की माननीय सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में निष्पक्ष जाँच होनी चाहिए। “

सुश्री मायावती ने कहा , ” यह उच्च-स्तरीय जाँच इसलिए भी जरूरी है ताकि कानपुर नरसंहार में शहीद हुए आठ पुलिसकर्मियों के परिवार को सही इन्साफ मिल सके। साथ ही, पुलिस तथा आपराधिक राजनीतिक तत्वों के गठजोड़ की भी सही शिनाख्त करके उन्हें भी सख्त सजा दिलाई जा सके। ऐसे कदमों से ही यूपी अपराध-मुक्त हो सकता है।”

कार पलटी नही है, राज खुलने से सरकार पलटने से बचायी गयी है : अखिलेश

कानपुर पुलिस मुठभेड़ के मुख्य आरोपी और कुख्यात अपराधी विकास दुबे के शुक्रवार को मारे जाने के बाद समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव ने कहा कि यह कार पलटी नही है, राज खुलने से, सरकार पलटने से बचायी गयी है।

यादव ने ट्वीट कर कहा, ”दरअसल यह कार नही पलटी है, राज खुलने से सरकार पलटने से बचाई गयी है।”कुख्यात अपराधी दुबे पार आठ पुलिसकर्मियों की हत्या का आरोप था और उस पर पांच लाख रुपये का इनाम था। दुबे शुक्रवार सुबह कानपुर के भौती इलाके में पुलिस मुठभेड़ मे मारा गया। गाड़ी पलटने से एक पुलिस निरीक्षक समेत चार पुलिसकर्मी भी घायल हुये है, जिसमें एक हालत गंभीर है।