मैं भी गरीब का बेटा हूं,मेरा भी घर कच्चा था- केशव मौर्य

स्वामीनाथ शुक्ल | hdnlive
अमेठी। उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य(Keshav Prasad Maurya) ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पहले मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे। लेकिन मनमोहन सरकार की चाभी गांधी परिवार के पास थी। जिससे मनमोहन सिंह(Manmohan Singh) नाम के प्रधानमंत्री बने थे। इनकी सरकार सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी चलाती थी।उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रविवार को अमेठी में थे। डिप्टी सीएम ने कहा कि पहले भी गरीबों के लिए योजनाएं बनाई जाती थी। लेकिन गरीबों के नाम की योजनाओं का पैसा मनमोहन सरकार चलाने वाले खा जाते थे। उन्होंने कहा कि परिवारवाद की राजनीति करने वाले गरीबों का दर्द नहीं देखा है। गरीबों का दर्द प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जानते हैं। इसी लिए गरीबों को पक्के मकान की चाभी सौंप रहे हैं। प्रधानमंत्री आवास गरीबों के लिए राजमहल के बराबर है।मौर्य ने कहा कि मैं भी गरीब का बेटा हूं। मेरा घर भी कच्चा था। घर में बिजली और शौचालय नहीं था। स्मृति ईरानी(smriti irani) के सांसद चुने जाने के बाद अमेठी में 90 हजार गरीबों को प्रधानमंत्री आवास दिए गए हैं। गरीबों के लिए आवास राजमहल की तरह होता है।

केशव मौर्य ने कहा कि 2024 में उत्तर प्रदेश की 80 सीटों पर कमल खिलेगा। उत्तर प्रदेश की 80 सीटों और बिहार की 40 सीटों को जोड़कर 120 सीटें होंगी। उन्होंने कहा कि 2024 के चुनाव के बाद सपा समाप्त पार्टी बन जाएंगी। अखिलेश यादव हार का चौंका मार चुके हैं।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता और पूर्व केंद्रीय मंत्री शाहनवाज हुसैन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सबका साथ, सबका विकास और सबके विश्वास की राजनीति करते हैं। लेकिन कुछ लोग मोदी का नाम खराब करना चाहते है। डिप्टी सीएम के मंच पर चार मंत्री और नए पुराने आधा दर्जन विधायक स्मृति ईरानी के चुनावी मिशन को मजबूत करने आए थे। इस मौके पर केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी के अपर सचिव विजय गुप्ता, राजेश मसाला, अनिल मिश्र, सुधांशु शुक्ल,ज्ञान सिंह, रुद्र भान सिंह,अवधेश सिंह,मुन्ना सिंह आदि मौजूद थे। गर्मी का पारा 45 डिग्री के आसपास था। लेकिन पांडाल भरा था। भाजपा चुनाव अभियान में जुटी है। लेकिन कांग्रेस का अभी अता पता नहीं है। उधर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक गुजरात में एक सप्ताह से डेरा डाले हैं। उन्होंने कहा कि गुजरात की 26 सीटें भाजपा के खाते में जमा होगी। बाकी गुजरात में किसी का खाता नहीं खुलेगा।