अमेरिका में Kent Moore Cabinet की फैक्टरी में गोलीबारी में एक व्यक्ति की मौत, पांच घायल

ब्रायन (अमेरिका), (hdnlive)। अमेरिका के टेक्सास के ब्रायन शहर में लकड़ी का सामान बनाने वाली कंपनी केंट मूर कैबिनेट्स की फैक्टरी में एक संदिग्ध ने गोलीबारी कर दी, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई और पांच अन्य घायल हुए हैं।

ब्रयान शहर की पुलिस के प्रमुख एरिक बुस्के ने पत्रकारों को बृहस्पतिवार को बताया कि ऐसा माना जा रहा है कि संदिग्ध बंदूकधारी कंपनी केंट मूर कैबिनेट का कर्मचारी था।

बुस्के ने बताया कि गोलीबारी करने के कारण का अभी पता नहीं चल पाया है। अधिकारियों के घटनास्थल पहुंचने तक हमलावर वहां से फरार हो गया था।

ग्रिम्स काउंटी के शेरिफ डॉन सॉवेल ने बताया कि संदिग्ध हमलावर को ‘कैबिनेट प्लांट’ से करीब 48 किलोमीटर दूर एक छोटे शहर लोला से गिरफ्तार किया गया है।

टेक्सास के जन सुरक्षा विभाग ने ट्वीट किया कि संदिग्ध को पकड़ते समय गंभीर रूप से घायल हुए कर्मी की हालत गंभीर लेकिन स्थिर है।

ब्रायन पुलिस लेफ्टिनेंट जैसन जेम्स ने बताया कि केंट मूर कैबिनेट के कर्मचारियों से पूछताछ की गई और उन्होंने संदिग्ध को पहचान लिया है।

पुलिस ने लोगों से फिलहाल घटनास्थल से दूर रहने को कहा है।

केंट मूर कैबिनेट का मुख्यालय ब्रायन में है, जहां करीब 600 लोग काम करते हैं।