मुख्यमंत्री बताएं, अब तक कितने मरीजों को दिए गए ऑक्सीमीटर : बिधूड़ी

नई दिल्ली, (hdnlive) । दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता रामवीर सिंह बिधूड़ी ने शनिवार को मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से जानना चाहा कि होम आइसोलेशन में रहकर कोरोना का इलाज करा रहे कितने मरीजों को अब तक ऑक्सीमीटर दिए गए हैं।

बिधूड़ी ने कहा कि कितने मरीजों को ऑक्सीमीटर, कितनों को ऑक्सीजन सिलेंडर दिए गए हैं और कितने मरीजों को देखने दिल्ली सरकार के डॉक्टरों की टीम उनके घरों पर गई है। दिल्ली विधानसभा में बदरपुर विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले बिधूड़ी ने केजरीवाल को आज लिखे एक पत्र में कहा है कि यदि समूची दिल्ली का आंकड़े उपलब्ध कराने में कोई परेशानी हो तो उन्हें उनके बदरपुर विधानसभा क्षेत्र के बारे में ही बताया जाए कि अब तक वहां कितने मरीजों को ऑक्सीमीटर और ऑक्सीजन सिलेंडर दिए गए हैं और कितने मरीजों की जांच के लिए डॉक्टरों की टीम उनके घर गई है। बिधूड़ी ने कहा कि  केजरीवाल काफी लोकलुभावन घोषणाएं करते हैं जो सुनने में बड़ी अच्छी लगती हैं।

मसलन, उन्होंने कोरोना मरीजों के लिए 30 हजार बेड और दक्षिण कोरिया की तर्ज पर एक लाख औचक जांच कराने का भी ऐलान किया था लेकिन किन्हीं कारणों से मुख्यमंत्री अपना यह वायदा पूरा नहीं कर पाए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने घोषणा की है कि दिल्ली सरकार ने होम आइसोलेशन वाले तमाम मरीजों के घर पर ऑक्सीमीटर,ऑक्सीजन सिलेंडर और डॉक्टरों की टीम भेजी है। उन्होंने कहा कि आज दिल्ली में हजारों की संख्या में मरीज होम आइसोलेशन में हैं। उनके अपने विधानसभा क्षेत्र में भी ऐसे मरीजों की बड़ संख्या है लेकिन अफसोस की बात यह है कि इन मरीजों तक किसी प्रकार की मेडिकल सुविधा नहीं पहुंची है।