कलयुगी पिता ने किया बेटी के साथ दुष्कर्म

नई दिल्ली। खजूरी खास इलाके में रिश्तों को शर्मसार करने वाली वारदात सामने आई है। एक हैवान पिता अपनी 15 वर्षीय मासूम बेटी से दुष्कर्म करता था, जब वह अपनी करतूत से बाज नहीं आया तो बच्ची ने दिल्ली महिला आयोग की महिला पंचायत में पहुंची। वहां उसने पिता की दरिंदगी के बारे में बताया। पंचायत की सदस्यों ने पीड़िता को साथ ले जाकर थाने में पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। पुलिस ने पिता को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पीड़िता अपने परिवार के साथ खजूरी खास थाना क्षेत्र में रहती है।

15 वर्षीय पीड़िता एक सरकारी स्कूल में आठवीं कक्षा में पढ़ाई कर रही है। परिवार में मां, पिता व तीन भाई व एक बहन है। आरोपित पिता एक निजी कंपनी में काम करता है। पीड़िता ने पुलिस को बताया कि उसका एक वर्षीय भाई है, जो किसी बीमारी से पीड़ित है। गत जुलाई में उसके भाई की तबीयत अचानक ज्यादा खराब हो गई थी, इलाज के लिए मां उसे अस्पताल लेकर गई थी। घर में उसके भाई-बहन सो रहे थे। उसी दौरान उसके पिता ने उसके साथ दुष्कर्म किया।

किसी को बताने पर पिता ने जान से मारने की धमकी दी, पीड़िता ने डर से किसी को इसकी जानकारी नहीं दी। गत 20 सितंबर को पीड़िता की मां उत्तर प्रदेश के संभल में अपने गांव चली गई। 22 सितंबर की सुबह पीड़िता के भाई बहन घर में सो रहे थे। इसी दौरान उसका पिता बाहर से घर में आया और बेटी से फिर से दुष्कर्म किया। पिता के जाने के बाद पीड़िता चुपचाप घर से निकली और इलाके में बने महिला पंचायत के कार्यालय में पहुंची और आपबीती बताई। पुलिस ने दुष्कर्म का केस दर्ज कर आरोपित पिता को दबोच लिया है।