पुनीत राजकुमार के निधन से गहरे सदमे में हैं फैंस, 3 की हुई मौत

कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के ऐक्टर पुनीत राजकुमार (Puneeth Rajkumar) का 29 अक्टूबर को निधन हो गया है और 31 अक्टूबर यानी रविवार को पूरे राजकीय सम्मान के साथ उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। सिनेमा जगत की हस्तियां पुनीत राजकुमार के निधन पर शोक व्यक्त कर रही हैं। वहीं पुनीत राजकुमार के निधन से उनके फैंस को गहरा सदमा लगा है। पुनीत राजकुमार के निधन से दुखी तीन फैंस की मौत हो गई है।

सीने में दर्द हुआ और उन्हें तुरंत बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल ले जाया गया

गौरतलब है कि पुनीत राजकुमार को 29 अक्टूबर की सुबह जिम में सीने में दर्द हुआ और उन्हें तुरंत बेंगलुरु के विक्रम अस्पताल ले जाया गया। दोपहर 2:30 बजे उनका निधन हो गया। पुनीत राजकुमार को उनके पिता डॉक्टर राजकुमार की कब्र के पास ही दफनाया जाएगा। उन्होंने अपने पिता की तरह की अपनी आंखें दान करने का संकल्प लिया था। उनके परिवार में उनकी पत्नी अश्विनी और उनकी दो बेटियां हैं।

पूरे कर्नाटक में शोक की लहर है

बताते चलें कि पुनीत राजकुमार के निधन से पूरे कर्नाटक में शोक की लहर है। राज्य में सभी थिएटर बंद किए जा चुके हैं। फैंस को काबू में करने के लिए कई इलाकों में धारा 144 लगाई गई है। एहतियात के तौर पर बेंगलुरु में दो रात के लिए शराब की बिक्री भी रोक दी गई है। बता दें कि पुनीत राजकुार फिलहाल ‘जेम्स’ की शूटिंग कर रहे थे। उनको ‘द्वित्व’ की शूटिंग भी करनी थी। इसे नवंबर या दिसंबर में फ्लोर पर जाना था। पुनीत राजकुमार ने संतोष आनंदराम के साथ एक अनटाइटल्ड प्रॉजेक्ट भी रखा था।